Bhartiya Sainik Essay in Hindi भारतीय सैनिक पर निबंध

Read information about Bhartiya Sainik (भारतीय सैनिक). We are sharing भारतीय सैनिक पर निबंध Bhartiya Sainik Essay in Hindi for students of class 1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12.

Bhartiya Sainik Essay in Hindi

Bhartiya Sainik Essay in Hindi भारतीय सैनिक पर निबंध

Bhartiya Sainik Essay in Hindi 400 Words

भारत की प्रतिरक्षा में प्रत्येक भारतीय का किंचित योगदान है। किन्तु भारत की रक्षा एवं उसकी सीमाओं की सुरक्षा में सैनिकों की भूमिका बहुत महत्त्वपूर्ण है। सैनिकों पर ही देश की सुरक्षा एवं स्थिरता निर्भर करती है। इसमें संदेह नहीं कि सैनिक को कठिन जीवन का निर्वाह करना पड़ता है। उसे अपने कमाण्डर के आदेशों का अक्षरक्षा पालन करना पड़ता है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सैनिक सीमाओं पर मोर्चा बांधे रखते हैं। दुश्मनों के दांत खट्टे करते हैं। लोंग फेलों के अनुसार, “सैनिक न तो कुछ उत्तर दे सकता है, न कोई प्रश्न कर सकता है उसका धर्म केवल आज्ञा पालन एवं देश के लिये मर-मिटना है।”

एक सैनिक वीरता से मौत का सामना करता है। अन्तिम सांसों तक वह अपनी मातृभूमि के लिये लड़ता है। राष्ट्र के लिये वह अपना सब कुछ न्यौछावर करने को तैयार रहता है। अपने घर परिवार से मीलों दूर वह अपना जीवन व्यतीत करता है। राष्ट्र की सुरक्षा के लिये वह अपनी जान हथेली पर रखकर घूमता है। सैनिक के जीवन की राह कांटों भरी है। अपनी सीमित तनख्वाह में वह अपना एवं अपने परिवार की गुज़र-बसर करता है। किन्तु इन छोटी-मोटी परेशानियों से वह हिम्मत नहीं हारता उसके लिये अपने देश की रक्षा ही उसके जीवन का एक मात्र ध्येय है। युद्ध के दिनों में न केवल वह दुश्मनों से मुकाबला करता है अपितु अपने देश के नागरिकों की सहायता भी करता है। भारत पाक युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों की भूमिका बहुत प्रशंसनीय थी। हमारे देश के जवानों ने पाकिस्तान की आम जनता की भी सहायता की। उन्होंने न केवल उनकी जान-माल की सुरक्षा की अपितु उन्हें खाने-पीने की सामग्री भी उपलब्ध करायी। भारतीय सैनिकों का व्यवहार आदर्श सैनिक परम्परा का एक उदाहरण है।

एक सच्चा सिपाही सदैव मौत से सामना करने को तैयार रहता है। वह अपनी जिम्मेवारियों से कभी पीछे नहीं हटता। वह प्रकृति की दुर्गमतय स्थितियों, पहाड़ों, दरौं, रेगिस्तानों एवं जंगलों में भी अपने कर्तव्य का निर्वाह करता है। अपनी मातृभूमि की रक्षा उसके जीवन का उद्देश्य है।

लेखक, राजनीतिज्ञ, राजनेता, व्यवसायी एवं शिक्षक सभी अपनी भूमिका का निवाह अपने कार्यों, योग्यता एवं दृष्टिकोण के अनुसार करते हैं। किन्तु देश की सीमाओं पर जो भूमिका एक सैनिक द्वारा अदा की जाती है वह सर्वोच्च एवं अनुपम है। यह अपने देश के लिये जीता एवं उसके सम्मान के लिये मरता है। वह इतिहास रचता है एवं इतिहास उसे अमर बनाता है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *